बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह में विवि मेरठ मेें संपन्न हुई अंतर महाविद्यालयी रस्साकशी की चैंपियन टीम को सम्मानित किया गया। शुभारंभ प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. डीसी मौर्य, डॉ. महेश कुमार मुछाल, डॉ. विनोद कश्यप ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. डीसी मौर्य ने बताया कि चौधरी चरण सिंह विवि मेें 8 जनवरी को अंतर महाविद्यालयीय रस्साकशी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इसमें कॉलेज की महिला रस्साकशी की टीम मेरठ कॉलेज और इस्माइल कॉलेज, मेरठ को हराकर चैंपियन बनी, जबकि पुरुष टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों में रमा, पूजा, दीपक, आरिफ, सौरभ, मयंक, अजय, इंतजार, नवीन, चंदन गुप्ता, हिमांशी, प्रिया सिंह, मधु, हिमानी को सम्मानित किया गया। स्वागत करने वालों में डॉ. शशिकांत, डॉ. किरण गर्ग, डॉ. केएस सिंह, डॉ. भारती, राहुल, भारती, मनु मलिक शामिल रहे।