बड़ौत (बागपत)।
नगर में जाम की स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। रविवार को बाजार पुलिस चौकी के नजदीक कई घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे, लेकिन सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसको लेकर लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ हंगामा भी किया।
नगर में बढ़ते अतिक्रमण के चलते जाम की स्थिति बनती जा रही है। आए दिन नगर में लगने वाले जाम से आमजन परेशान हैं, लेकिन शिकायत करने के बाद भी न तो पुलिस प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही प्रशासनिक अधिकारी। रविवार को भी करीबन डेढ़ घंटे लोग बाजार पुलिस चौकी पर लगे जाम में फंसे रहे। लोगों का गुस्सा तब फूटा जब सूचना के बाद भी जाम खुलवाने के लिए कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों ने कहा पुलिस हर दम अवैध वसूली में लगी रहती है, लोगों की समस्याओं पर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने कहा नगर निकाय चुनाव के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर लोगों को जाम से मुक्ति दिलाई जाएगी।