बड़ौत (बागपत)। औसिक्का गांव के ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन देकर विद्युत लाइन और टूटे खंभों को लगवाने की मांग की। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को तूफान व बारिश आने के कारण उनके नलकूपों को जाने वाली एलटी लाईन व खंभा टूटने के कारण विद्युत व्यवस्था चौपट हो गई। सूचना पर टूटी लाइन के तार व खंभे विभाग का ठेकेदार वहां से भरकर ले गए थे और आश्वासन दिया कि दूसरे खंभे व तार लगाकर विद्युत लाइन को सुचारु करा देंगे। अब विभाग के अधिकारी उनसे सुविधा शुल्क की मांग कर रहे हैं। तभी से छह नलकूप बंद पड़े हैं और वे रबी की फसल में पानी नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से मांग की कि वे अविलंब आदेश कर टूटी विद्युत लाइन को सुचारु कराएं। इस मौके पर रोजूदीन, उमर मोहम्मद, संदीप, अय्यूब, नवाब अली, उमर अली, जमीर हसन आदि रहे।