खेकड़ा (बागपत)।
पालिका को सूचना दिए बिना अवकाश स्वीकृत कराए अपने आवंटित क्षेत्र से गायब नियमित सफाई कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई शुरू हो गई। ईओ नगर पालिका ने मंगलवार को तीन नियमित सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। इसके अलावा इनको निलंबन की अवधि में प्रतिदिन दोनों समय कार्यालय की पंचिंग मशीन में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश भी दिए।
नगर पालिका परिषद में अधिशासी अधिकारी एवं चेयरपर्सन पक्ष के बीच 31 दिसंबर को विवाद हुआ। ईओ ने अपने साथ अभद्र व्यवहार करने व रायफल तानकर जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर दर्ज कराई। इसके अलावा तीन सभासदों ने अपने साथ मारपीट एवं स्वयं चेयरपर्सन ने ईओ के इशारे पर तीन सभासदों पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। इस प्रकरण में पुलिस प्रशासन चुप्पी साधे है।
इस मामले में वेतन की मांग को लेकर चार जनवरी से सफाई कर्मी कूद पडे़ । नगर में गंदगी का बुरा हाल होने के साथ मंगलवार को पानी की सप्लाई भी दिन भर ठप्प रही। मंगलवार को नगर पालिका प्रशासन का रुख सख्त नजर आया और अपने आवंटित क्षेत्र से गायब तीन नियमित सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। ईओ निहारिका चौहान द्वारा जारी निलंबन पत्र में कहा कि इलेक्ट्रानिक मीडिया चैनल व अखबारों में उक्त कर्मचारी मुख्य चौराहे पर कूड़ा गिराकर नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं। यह घोर अनुशासन हीनता एवं नगर पालिका के कार्य में बाधा पैदा करने वाला कार्य है। इसी आधार पर तीनों सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया। निलंबन अवधि में उक्त कर्मचारी प्रतिदिन दोनों समय कार्यालय में लगी पंचिंग मशीन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
सफाई कर्मियों के समर्थन में नलकूप आपरेटरों ने नगर की पेयजल आपूर्ति ठप की
खेकड़ा (बागपत)।
बकाया मानदेय दिलाने की मांग को लेकर खेकड़ा नगर पालिका प्रशासन एवं सफाई कर्मियों के बीच चल रहा मामला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हड़ताल के चलते सफाई कर्मियों के समर्थन में नलकूप आपरेटरों ने खेकड़ा नगर की पेयजल आपूर्ति ठप कर दी। आपरेटरों के पेयजल आपूर्ति बंद करने से नगर के लोगों को दिन भर पानी के लिए तरसना पड़ा। साथ ही लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
बकाया मानदेय दिलाने की मांग को लेकर नगर पालिका के सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी है। मंगलवार को सफाई कर्मी एकत्र होकर वाहनों में सवार होकर बागपत कलक्ट्रेट पर पहुंचे। और वही धरने पर बैठ गए। सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते गली मोहल्लों में नालियां कूडे़ से अटी है। इससे नाली के गंदे पानी से मार्गों पर जलभराव हो गया और लोगों को आवागमन में परेशानी उठाकर गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। मंगलवार को सफाई कर्मियों की हड़ताल के समर्थन में पालिका के नलकूप आपरेटरों ने दिन भर खेकड़ा नगर की पेयजल आपूर्ति बंद रखी। इससे नगर के लोग दिन भर पानी के लिए तरसते रहे। लोगों को हैंडपंपों से पानी भरकर लाना पड़ा। इससे लोगों में परेशानी के साथ आक्रोश भी देखने को मिला।