बड़ौत (बागपत)। खेड़ी प्रधान गांव में अवैध रेत खनन की खबर अमर उजाला में छपने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सोमवार को शाम के समय एसडीएम ने कोताना और खेड़ी प्रधान गांव का निरीक्षण किया। इससे अवैध रूप से रेत का खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। इस दौरान एसडीएम ने लोगों से भी पूछताछ की । उल्लेखनीय है कि पिछले एक माह से खेड़ी गांव में रेत खनन होने से ग्रामीण परेशान हैं। कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत प्रशासन को भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो सोमवार की देर शाम आशीष ने कोताना व खेड़ी प्रधान गांव का निरीक्षण कर पूछताछ की। इस संबंध में एसडीएम ने कहा जल्दी ही छपरौली और बदरखा गांव में रेत खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।