बिनौली (बागपत)। कृष्णा नदी से सटे रंछाड़ गांव में कैंसर से जूझ रहे एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने प्रदेश सरकार से मुआवजा दिलाने की मांग की। रंछाड़ गांव निवासी सुखबीर सिंह रुहेला (65) पुत्र महेंद्र सिंह को एक वर्ष पहले गर्दन में कैंसर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजनों ने बड़ौत, मेरठ के बाद दिल्ली के जीटीबी में इलाज शुरू कराया। इसके बाद दिल्ली कैंसर इंस्टीट्यूट में इलाज शुरू कराया। इलाज के बाद भी कोई आराम नही मिला। तीन दिन पहले किसान सुखबीर सिंह की हालत बिगड़ गई। सोमवार को शाम के समय वह कैंसर से जंग हार गया। मृतक की पत्नी शकुंतला देवी, पुत्र संजय, संदीप, सुनील, सीमा, दीपा आदि परिजनों ने प्रदेश सरकार से सहायतार्थ धनराशि दिलाने की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक गांव का पानी खराब होने के कारण कैंसर से गांव में फूल सिंह, विजयपाल, टीना शर्मा, नन्हे, महावीर आदि सहित कई लोगों की मौत हो चुकी है। पानी खराब होने से सैकड़ों लोग बीमार हैं।