रमाला (बागपत)।
सहकारी चीनी मिल रमाला में भाकियू का चल रहा धरना मिल अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हो गया। कार्यकर्ताओं ने मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर रमाला चीनी मिल पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू किया । सोमवार की देर शाम धरना स्थल पर मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं ने वार्ता की। चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि पेराई सत्र 2017-18 में मिल को किसानों द्वारा दिए गए समस्त गन्ने का भुगतान 14 अगस्त से पहले किया जाएगा। समस्त चीनी मिलों में उपलब्ध पिछले सत्रों के अवशेष शीरे को भट्ठों या अन्य स्थानों पर ऊंची दरों पर बेचा जाए। इससे चीनी मिलों को लाभ मिलेगा। गन्ना सर्वे के लिए किसानों से आवश्यक दस्तावेज तहसीलों से न मंगाकर मिल समितियां स्वयं आवश्यक दस्तावेज मंगाए। चीनी मिलों में अस्थाई रूप से कार्य करने वाले संविदा कर्मियों को देने वाला वेतन उनके कार्य के अनुरूप दिया जाए। चीनी मिलों में किसानों को मिलने वाली खाद, बीज, दवा एवं कृषि उपकरण उचित दरों पर समय से उपलब्ध कराई जाए। मिल अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बकाया गन्ना भुगतान धीरे-धीरे कराया जा रहा है। अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर देशपाल सिंह, सीटू, भूपेंद्र सिंह, उदयवीर सिंह, सुरेश पाल, राकेश, लाला, कालू, संजीव, बहादुर सिंह, सोमवीर, शौकेंद्र सिंह, मास्टर बिजेंद्र, रामकुमार, अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।