दोघट (बागपत)। टीकरी में सीएचसी को चालू कराने की मांग को लेकर चल रहा धरना 17वें दिन भी जारी रहा। मास्टर महेंद्र सिंह राठी की फिर से हालत बिगड़ गई। शुक्रवार से यज्ञ के बाद भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार लगातार जनता की अनदेखी कर रही है। सरकार जनता की सेवा के लिए होती है, लेकिन आज जनता की आवाज ही नही सुन रही है। जिवाना के प्रधान आदित्य सोलंकी ने कहा कि कस्बे में सीएचसी बनने के बाद भी इसको चालू न कर पाना सरकार की स्पष्ट अनदेखी की ओर संकेत करता है। सरकार कुंभकर्ण के जैसे सोई हुई है। हम धरनारत लोगों के साथ है। चाहे इसके लिए हमें पूरे बागपत के प्रधान संगठन को इकट्ठा करना पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे। धरने पर बैठे मास्टर महेंद्र सिंह राठी की बृहस्पतिवार को फिर से हालत बिगड़ गई। उनका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराया। धरने पर बैठे लोगों ने निर्णय लिया कि शुक्रवार को यज्ञ के बाद भूख हड़ताल शुरू होगी। धरने पर मास्टर महेंद्र सिंह, शिवकुमार राठी, रमेश भगत, सौरव शाका, प्रमोद राठी, अमित आर्य, सुमित आर्य, चौधरी महावीर सिंह, चौधरी ओमपाल राठी, बिजेंद्र, प्रदीप, रविंद्र, डॉ. अरुण राठी, इलम सिंह, संदीप, राजेंद्र शर्मा, राधेश्याम रुहेला, सरोज, उषा, संतोष, पप्पू, पुष्पा, राजेश देवी आदि रहे।