बड़ौत (बागपत)।
विजयीभव क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर चल रही स्वर्गीय प्रदीप शास्त्री मेमोरियल क्रिकेट चैंपियनशिप का सेमीफाइनल सोमवार को जीडी गोयनका सोनीपत और शहीद शाहमल क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया, इसमें जीडी गोयनका सोनीपत की टीम मैच जीत कर फाइनल में पहुंची।
मैच का उद्घाटन कोच प्रतीक तोमर और सुधीर कुमार आर्य ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेम भावना से मैच खेलने का आह्वान किया। कोच प्रतीक तोमर ने बताया मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर शाहमल क्रिकेट एकेडमी की टीम 121 बनाकर आउट हो गई। इसमें ओजस्वी ने 21, प्रशांत ने 19 और सौरभ ने 15 रन का योगदान दिया। जीडी गोयनका के गेंदबाजी प्रशांत, दुष्यंत, वतन और ओम ने 2-2 और अनिरुद्ध ने एक विकेट लिया। जवाब में जीडी गोयनका की टीम ने 21.3 ओवर में चार विकेट पर लक्ष्य हासिल किया। इसमें रितिक ने 65, प्रशांत ने 24, विनायक ने 12 व वसीम ने 11 रन का योगदान दिया। शाहमल के गेंदबाज तुषार ने 2 व ओजस्वी और अंकुर ने 1-1 विकेट लिए। सुधीर आर्य ने बताया बेस्ट फील्डर वैभव, बेस्ट गेंदबाज ओम, बेस्ट बल्लेबाज विनायक व मैन ऑफ दा मैच रितिक शर्मा को चुना। मैच के अंपायर सूरज और विनय पूनिया रहे। स्कोरर का कार्य रितिक तोमर ने किया। विजेता टीम को कोच प्रतीक तोमर व सुधीर आर्य ने ट्राफी देकर सम्मानित किया।