बागपत। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव रंजन मिश्र ने उच्च प्राथमिक विद्यालय जौनमाना के इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित किया है। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए थे। वहीं शिक्षा की गुणवत्ता अच्छी मिलने पर शिक्षकों को सम्मानित भी किया। प्राथमिक विद्यालय के दो शिक्षकों का वेतन स्थगित किया है।
सोमवार को बीएसए राजीव रंजन मिश्र ने बड़ौत ब्लॉक के जौनमाना गांव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर उन्हें इंचार्ज प्रधानाध्यापक सत्यपाल सिंह बिना किसी सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित मिले। उनके द्वारा किसी भी तरह की सूचना नहीं दी। उन्होंने सरकारी सेवक नियमावली-1999 के नियम-7 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया। उन पर विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के भविष्य के साथ जानबूझकर खिलवाड़ करना, अपने पद कार्य और दायित्वों के विपरीत कार्य एवं आचरण करना, बिना सूचना के विद्यालय में अनुपस्थित रहना, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता का परिचय देना, सरकारी कर्मचारी की आचरण नियमावली -1956 का और विभागीय अधिकारियों के आदेश और निर्देशों का उल्लंघन के तहत निलंबित किया। निलंबन काल तक आधा वेतन दिया जाएगा। उक्त शिक्षक का बड़ावद गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय से संबंध किया। इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी बड़ौत करेंगे। वहीं प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक डायरी न मिलने, अपूर्ण पाने, छात्र-छात्राओं की शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने के कारण इंचार्ज प्रधानाध्यापक वीरेंद्र और सहायक अध्यापक सुमित तिवारी को वेतन स्थगित किया। बीएसए ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय में शैक्षिक वातावरण बहुत अच्छा मिला। जिस कारण शिक्षिकाओं को पुस्तक देकर सम्मानित किया।