संविदाकर्मियों का एक्सईएन कार्यालय पर धरना शुरू
बड़ौत। विभिन्न मांगों को लेकर एक्सईएन प्रथम व एक्सईएन द्वितीय से जुडे संविदा कर्मचारियों ने कोताना रोड पर जमकर हंगामा-प्रदर्शन व नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। संविदा कर्मचारियों ने मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को बड़ौली, कोताना, दोघट, माजरा, किरठल, छपरौली, जौनमाना, मलकपुर, बावली, लूंब, असारा, जौहडी, ककडीपुर, बड़ौत आदि बिजलीघरों पर तैनात संविदा कर्मचारी एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचे और हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। संविदा कर्मचारियों का कहना था कि हाल ही मेें ऊर्जा निगम के अफसरों ने निर्देश जारी किए है कि संविदा कर्मचारी अपनी तहसील क्षेत्र की बजाए अन्य तहसील क्षेत्र के गांवों मेें तैनात किए जाएंगे। इसे आदेश का कतई पालन नहीं किया जाएगा, क्योंकि संविदा कर्मचारियों को मात्र पांच से छह हजार रुपये मानदेय के रूप में मिलता है। वह भी ठेकेदार व निगम के अफसरों की मिलीभगत से कई-कई महीने बाद तक रुका रहता है, जिस कारण संविदा कर्मचारियों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। ऐसे मेें अफसरों के ये आदेश संविदा कर्मचारियों के पक्ष मेें नहीं है, इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
धरने की सूचना पर विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल विभागीय अफसरों से बातचीत करेगा और तहसील क्षेत्र की बजाए अन्य तहसील क्षेत्र के गांवों में तैनाती किए जाने पर मानदेय 20 हजार से अधिक करने की मांग उठाएगा। यदि मांग पूरी नहीं हुई तो पंचायत के पदाधिकारी संविदा कर्मचारियों के धरने-प्रदर्शन को अपना समर्थन देगें। धरने पर नरेश, राजीव, धर्मेन्द्र, अंशुल, किशन, सोमपाल, विकास, इमरान, विनय, संजीव, मदनपाल, जोगेन्द्र, अरविन्द, सुक्रमपाल, हरिओम, कुलदीप, सचिन, रामनाथ, रामफल, गोपाल, सागर, रणवीर, प्रवीण, शाकिर, शौकेन्द्र, विपिन, इन्द्रपाल, अशोक, सुभाष, नरेन्द्र आदि शामिल रहे।