बागपत। जिला अस्पताल में रोगियों को जारी करने वाली पर्ची पर जिला पंचायत राज विभाग से जारी स्वच्छता की दो मोहरों को इस्तेमाल नहीं हो रहा है। सीडीओ के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन जिला समन्वयक ने निरीक्षण किया तो इसमें गड़बड़ी मिली। सीडीओ ने सीएमओ को दोनों मोहरों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत विभाग ने जिला अस्पताल में %शौचालय अपनाओ बीमारी भगाओ’ और %सौ रोगों की एक दवाई स्वच्छ शौचालय और सफाई’ नाम से मोहर दी। इन मोहरों को जिला अस्पताल से मरीजों को होने वाली पर्चियों पर लगाना था। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक नरेंद्र उज्ज्वल ने सीडीओ के निर्देश पर जिला अस्पताल में पर्चियों का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब 50-60 लोगों की पर्ची की जांच की। इसमें आधे से ज्यादा मरीजों पर एक ही मोहर मिली। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों मोहरों का इस्तेमाल नहीं हो रहा है। इस कारण रोगी स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होंगे। सीडीओ पीसी जायसवाल ने सीएमओ को पत्र के माध्यम से इस प्रकरण से अवगत कराया। निर्देशित किया जिला पंचायत विभाग से जारी दोनों मोहरों को मरीजों की पर्ची पर लगाना सुनिश्चित किया जाएगा। दूसरी तरफ जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने कहा कि इस तरह के संदेशों से मरीजों का स्वच्छता के प्रति संदेश पहुंचेगा।