बड़ौत (बागपत)।
विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को विद्युत निगम के एक्सईएन प्रथम के कार्यालय में तैनात संविदा कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया । साथ ही कहा जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी उनका धरना जारी रहेगा।
विद्युत मजदूर पंचायत के बैनर तले संविदा कर्मचारियों का धरना मंगलवार को शुरू हुआ। कर्मचारियों ने कहा पावर कारपोरेशन के कर्मचारी ठेकेदार से मिलीभगत कर उनका शोषण कर रहे है। तीन माह से उन्हें मानदेय के नाम पर एक फूटी कौड़ी तक नहीं मिली, जिस कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। संविदा कर्मचारी राजीव व धर्मेंद्र ने बताया कि दो-तीन दिन पहले कार्यालय में तैनात संविदा कर्मचारी विनय कुमार शर्मा का कार्यालय पर स्ट्रीट लाइट लगाते वक्त पैर टूट गया, लेकिन सूचना के बाद भी किसी भी कर्मचारी ने इसकी सुध नहीं लगी। आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी ठेकेदार के साथ मिलीभगत कर उनका ईपीएफ भी नहीं दे रहे है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।
विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर, जिला मंत्री सुरेंद्र तोमर ने कहा कि किसी भी कीमत पर कर्मचारियों का शोषण सहन नहीं होगा। यदि जल्द ही उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो विभागीय अफसरों सहित ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा। एक्सईएन प्रथम राहुल शर्मा ने बताया कि ठेकेदार से इस संबंध मेें वार्ता की जा रही है। जल्द ही मानदेय दिला दिया जाएगा। धरने पर लोकेश, सुभाष, राकेश, राजीव, धर्मेंद्र, नरेंद्र, राजेश, सहदेव, मांगेराम, उदयवीर, वासुदेव आदि शामिल रहे।