गौरीपुर के गड्ढ़ों से हाईवे पर लगा जाम
बागपत। दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के पास गड्ढ़ों के कारण बुधवार रात और बृहस्पतिवार को पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार शाम बारिश होने के कारण गौरीपुर और निवाड़ा के पास रोड पर कीचड़ ही कीचड़ हो गया। क्योंकि वहां पर पहले ही गड्ढे हो रहे हैं। हालत ऐसी हो गई कि वहां से वाहन से तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही। बृहस्पतिवार सुबह फिर जाम लग गया। यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही। निवाड़ा चौकी प्रभारी निरंजन सिरोही का कहना है कि हाईवे के गड्ढों के कारण जाम की स्थिति बनी रही।