- रटौल कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर, 49 मरीजों की जांच की गई
- एंटीजन किट से डेंगू पॉजीटिव मिलने के बाद एलाइजा जांच के लिए सैंपल जिला अस्पताल भेजा
फोटो-14
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/रटौल। रटौल में डेंगू की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाया। वहां 49 मरीजों की एंटीजन किट से डेंगू की जांच की गई तो उनमें 16 पॉजीटिव मिले। इसके बाद कर्मियों ने मरीजों के सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे हैं। वहीं मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है।
कस्बे में बुखार के मरीज बढ़ते जा रहे हैं और 50 से अधिक लोगों को कई दिन से बुखार आ रहा है, उनका बुखार कम नहीं हो रहा। इसलिए वहां खेकड़ा सीएचसी से स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। सीएचसी अधीक्षक डॉ. ताहिर ने बताया कि एंटीजन किट से 49 लोगों की डेंगू की जांच की गई तो 16 मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इनको ठंड से बुखार चढ़ रहा था और दवाई से आराम नहीं लग रहा था। इन सभी का ब्लड सैंपल लेने के बाद एलाइजा जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। एलाइजा जांच में स्पष्ट हो जाता है कि मरीजों की प्लेटलेट्स कितनी है और रिपोर्ट के आधार पर मरीजों का आगे का उपचार किया जाएगा। वहां शिविर में फार्मासिस्ट परमिंद्र कुमार, नफीस, आशा राठी आदि मौजूद रहे।
सफाई के प्रति जागरूक किया
रटौल कस्बे में जगह-जगह जलभराव होने के कारण मच्छर पनप रहे थे। सीएचसी अधीक्षक ने लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया। कहा कि पानी एकत्र होने के कारण मच्छर पनपते हैं और फिर डेंगू व मलेरिया फैलने का खतरा बना रहता है। डेंगू व मलेरिया से बचने के लिए सफाई पर लोगों को ध्यान देना चाहिए।
एंटीजन किट से जांच में यह मिले पॉजीटिव
एंटीजन किट की जांच में इदवा (63), अनवर (42), अनीसा (48), गुलिस्ता (40), जायरा (8), पुष्पा (45), फरजाना (36), समरीन (22), अनम (16), साहिक (14), अलिना (5), हिना (23), आरिफ (15), अलीसा (17), अलफिसा (8), सिफा (20) डेंगू पॉजीटिव मिले। इनका सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए भेजा है।