बिनौली (बागपत)। शेखपुरा गांव की ग्राम पंचायत निधि के खाते पर तीन माह से रोक लगी होने के कारण विकास कार्य बाधित हैं। ग्राम प्रधान ने आला अफसरों को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया है। शेखपुरा ग्राम पंचायत की वर्ष 2018-19 की 14वें वित्त आयोग की द्वितीय किश्त की आवंटित धनराशि (885921 रु.) पर तीन माह से रोक लगी हुई है, जिसके चलते गांव के सभी विकास कार्य ठप पड़े हैं। ग्राम प्रधान सीमा बागड़ी ने बताया कि निधि पर रोक लगे होने के कारण कोई भी विकास कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने डीएम, सीडीओ व बीडीओ को पत्र भेजकर जल्द खाते पर लगी रोक हटाने की मांग की है, जिससे गांव में लंबित विकास कार्य शुरू हो सकें। इसके अलावा कमाला, घटोली व सिनौली के खाते पर भी रोक लगी है। बीडीओ राहुल वर्मा का कहना है कि मामला दिखवाया जाएगा।