बागपत। डीएम इलेविन और मीडिया इलेविन के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। डीएम इलेविन की टीम ने 27 रन से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच रविकांत रहे। जिला जज ने दोनों टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समय-समय पर जरूरी है। दोनों टीमों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया।
रविवार को नगर की गेटवे क्रिकेट अकादमी के मैदान पर पत्रकार इलेविन और डीएम इलेविन के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें डीएम पवन कुमार और एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया। मीडिया टीम ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। डीएम इलेविन ने 20 ओवर में 145 रन बनाए। रविकांत ने नाबाद 47, एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने 23 रन बनाए। मीडिया टीम के लिए कपिल त्यागी ने दो विकेट, सम्राट ने एक, निशांत ने दो, गौरव शर्मा उर्फ भानू ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार इलेविन की टीम चार विकेट खोकर 20 ओवर में 118 रन ही बना सकी। देवेंद्र चौहान ने 13, भानू ने 49 रन की पारी खेली। 27 रन से डीएम इलेविन ने मैच जीत लिया। डीएम इलेविन की ओर से रोहित ने एक, एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने एक, कुलदीप ने दो और रविंकांत ने एक विकेट लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला जज परमानंद शुक्ल रहे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शानदार मैच हुआ, इसमें हार जीत के कोई मायने नहीं है। दोनों ही टीमें जीत गई हैं। डीएम पवन कुमार ने कहा कि दोनों टीमों की ओर से सद्भावना का परिचय दिया गया। एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने कहा कि इस तरह के फ्रेंडली मैच समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए। मैन ऑफ द मैच रविकांत को चुना गया, जबकि बेस्ट क्षेत्र रक्षक डीएम पवन कुमार रहे। बेस्ट बल्लेबाज गौरव शर्मा उर्फ भानू और बेस्ट गेंदबाज कुलदीप को चुना गया। अंपायर आनंद राठी और डीआईओ राहुल भाटी को सम्मानित किया। इसके आयोजन में एएसपी रणविजय सिंह, तहसीलदार रामनयन सिंह, एसडीएम विवेक कुमार यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन त्यागी, भूपेंद्र सिंह, कोच जितेंद्र कौशिक आदि का सहयोग रहा।