बड़ौत (बागपत)। भाजपा की जनसभा में बड़ौत ही नहीं आसपास गांवों की सैकड़ों महिलाएं अपने बच्चों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और कार्यक्रम की समाप्ति तक वहीं पर डटी रही। बड़ौत, बड़ौली, मलकपुर, जौनमाना, ढिक़ाना, गुराना, वाजिदपुर आदि सहित कई गांव की महिलाएं अपने बच्चों व परिवार की महिलाओं के साथ जनता वैदिक कॉलेज में पहुंची । सीएम ने आशाओं, आंगनबाड़ी को उनका हक देने का आश्वासन दिया तो महिलाएं खुशी से झूम उठी। मुस्लिम महिलाएं भी जनसभा में पहुंची।
कई-कई किलो मीटर पैदल तक चले कार्यकर्ता
बड़ौत (बागपत)।
कार्यक्रम मेें आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों को दूर रखने जाने के कारण उन्हें कई-कई किलोमीटर पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना पड़ा।
जनता वैदिक कॉलेज में आयोजित नेशनल हाईवे 709 बी के शिलान्यास कार्यक्रम में आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों को कई किलोमीटर दूर पर रोकने के कारण कई-कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। बुढ़ाना बिनौली से आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों को बिजरौल रोड टेलीफोन एक्सचेंज, दिल्ली, छपरौली की ओर से आने वाले वाहनों को उत्कर्ष नर्सिंग होम के सामने खाली पडे़ मैदान के पास रोका और शामली की ओर से आने वाले वाहनों को पशु पैठ स्थल पर रोका।
मंच पर यह रहे मौजूद
बड़ौत। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह, केंद्रीय विदेश मंत्री जनरल वीके सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जिले के प्रभारी मंत्री एसपी सिंह बघेल, बड़ौत विधायक केपी मलिक, छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला, विधायक योगेश धामा, बिजनौर सांसद भारतेंद्र सिंह, शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल, लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर, पूर्व विधायक साहब सिंह, खादी ग्रामोद्योग आयोग के सदस्य के जयप्रकाश तोमर, बड़ौत पालिका के चेयरमैन अमित राणा, पूर्व मंत्री अनुराधा चौधरी, नेपाल सिंह, अलका तोमर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी आदि रहे।
हवन में दी आहुति
बड़ौत। सभास्थल पर दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री कैशव प्रसाद मौर्य का हेलीकाप्टर हेलीपेड पर उतरा। 2 बजे भगवा रंग का हेलीकाप्टर हेलीपेड पर उतरा। इसमेें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडगरी मौजूद रहे। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर यज्ञ का कार्यक्रम हुआ। जहां सभी ने यज्ञ मेें आहुतियां दी। इसके बाद मंच पर दीप जलाया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की 33 परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास किया।
कई संगठनों ने सीएम को ज्ञापन सौंपे
बड़ौत। कई संगठनों के पदाधिकारियों ने सीएम को ज्ञापन सौंपे। भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ और उनके परिवारों ने एलटी ग्रेट शिक्षक भर्ती एवं प्राथमिक शिक्षा भर्ती परीक्षा 2018 मेें भूतपूर्व सैनिकों के लिए कटऑफ की व्यवस्था कराने की मांग की। इस अवसर पर सजीत सिंह चौहान, गजेंद्र सिंह नैन, दुष्यंत तोमर, आदित्य तोमर, जतिन दत्त शर्मा, विश्वदीप, भीम सिंह, सागर धामा, वरूण धामा, राहुल शर्मा रहे। शिक्षक नेता वीरेंद्र सिंह, प्रचार मंत्री अजयराज शर्मा व शिक्षक नेता राजीव तोमर के संयुक्त नेतृत्व मेें शिक्षकों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर शिक्षकों की समस्याओं से युक्त ज्ञापन सीएम को सौंपा। इसमें शिक्षकों की पुरानी पेंशन की बहाली करने, वित्त विहीन शिक्षकों को सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के आलोक में सामान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था करने, राजकीय शिक्षकों की भांति माध्यमिक व प्राथमिक शिक्षकों को भी निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने की मांग की। साथ ही जनपद के शिक्षा विभाग में सह जिला विद्यालय निरीक्षक में लिपिक व अधिकारियों के अधिकांश पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति की मांग की।