बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर गौरीपुर मोड़ के पास सड़क दुर्घटना में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जबकि माता-पिता और बहन गंभीर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
शामली जनपद के कैराना निवासी यामीन पुत्र जाफर अपनी पत्नी नसीमा, तीन वर्षीय बच्ची जिया और पांच वर्षीय बच्ची तमन्ना के साथ बस में सवार होकर गौरीपुर आया । बुधवार की शाम दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर गौरीपुर मोड़ के पास बस से उतारकर परिवार सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बड़ौत की तरफ से तेज गति से आए ट्रक ने परिवार को टक्कर मार दी। इस दौरान तीन वर्षीय बच्ची जिया के ऊपर से ट्रक का पहिया उतर गया। इससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि माता-पिता और बहन गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया। इस हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में अभी तक कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है।
तालाब में बाइक गिरी, युवक घायल
चांदीनगर (बागपत)। खेकड़ा निवासी अमित बुधवार बाइक पर सवार होकर किसी काम से चिरौड़ी गया था। जब वह शाम आठ बजे रटौल की पूर्वी के पास मछली के तालाब के पास पहुंचा तो बाइक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को रटौल के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
हादसे में दो युवक घायल
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे स्थित आशीर्वाद मैरिज पैलेस के पास में कार की टक्कर से बाइक सवार ललित जैन और बिजेंद्र घायल हो गए। घायलों को प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों युवक बाइक से बागपत सामान लेने के लिए आ रहे थे। किसी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर नहीं दी है।