बड़ौत (बागपत)।
छपरौली विधायक और रालोद नेता सहेंद्र सिंह ने लखनऊ में जनपद और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर खेल मंत्री चेतन चौहान और श्रम एवं सेवा योजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने जिले में सेवा योजन दफ्तर खोलने कराने और जनपद के खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं दिलाने की मांग की।
विधायक सहेंद्र सिंह ने खेल मंत्री चेतन चौहान से मुलाकात के दौरान जनपद में युवाओं में खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए एक खेल स्टेडियम बनवाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने अपना पत्र मंत्री को सौंपकर छपरौली क्षेत्र में खेल स्टेडियम के लिए अपनी ओर से भूमि भी उपलब्ध कराने की बात कही। इसके बाद लखनऊ में ही विधायक ने श्रम एवं सेवा योजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाकात की और युवाओं के लिए जनपद में स्थायी रूप से जिला योजन कार्यालय खोलने की मांग की। विधायक ने मंत्री को बताया बागपत को जनपद बने कई वर्ष बीत गए है, आज भी यहां का युवा रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त करने व जिला सेवा योजन कार्यालय में अपना नाम दर्ज कराने के लिए दूसरे जनपद मेरठ जाने को मजबूर हैं। युवाओं की इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है। मंत्री ने विधायक को जनपद में स्थायी रूप से जिला सेवा योजन कार्यालय खोले जाने का आश्वासन दिया।