बागपत। बाघू रोड पर स्थित एसई दफ्तर के पास 33/11 केवीए विद्युत उप केंद्र पर रखे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियों पहुंची और दो घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण विद्युत लाइन में फाल्ट बताया जा रहा है। ट्रांसफार्मर में आग लगने से चार गांवों में विद्युत सप्लाई ठप रहेगी।
बाघू रोड पर स्थित 33/11 केवीए विद्युत उप केंद्र में रखे 10 एमवीए विद्युत ट्रांसफार्मर से सिसाना गांव, मीतली, सिसाना जंगल, गांधी गांव को विद्युत सप्लाई दी जाती है। इस ट्रांसफार्मर से एक हजार से अधिक विद्युत कनेक्शन हैं। बिजलीघर के एसएसओ कुलदीप ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे के लगभग सिसाना जंगल की विद्युत लाइन में फाल्ट होने के कारण मशीन ने ट्रिप किया। 10 मिनट तक किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने दोबारा फीडर की मशीन चालू की तो अचानक मशीन से धुआं निकलने लगा और 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। बिजलीघर में बैठे संविदा लाइनमैनों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना पर सीओ सिटी ओमपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह फोर्स के साथ बिजलीघर पहुंचे। दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग नहीं बुझी। पुलिस ने बड़ौत फायर स्टेशन से दूसरी गाड़ी मंगवाई। दोनों गाड़ियों ने मिलकर दो घंटे मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। आग से विद्युत निगम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बिजलीघर के जेई महेश शर्मा ने बताया कि लाइन में फाल्ट के कारण ट्रांसफार्मर में आग लगी है। उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। दूसरा ट्रांसफार्मर आने में चार से पांच दिन लगेंगे।
होली पर चार गांवों में रहेगी विद्युत सप्लाई ठप
बागपत। विद्युत उप केंद्र पर रखे 10 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण मीतली, सिसाना टाउन, सिसाना जंगल और गाधी गांव की विद्युत सप्लाई ठप हो गई है। चार-पांच दिनों तक ग्रामीणों को बिजली संकट झेलना होगा। होली पर्व पर चारों गांवों विद्युत सप्लाई ठप रहेगी।
जिले में दमकल विभाग के पास संसाधनों की कमी
बागपत। जिले में दमकल विभाग के पास आग की बड़ी घटना से निपटने के लिए पर्याप्त साधन नहीं है। आग की बड़ी घटना होने पर विभाग की गाड़ियां आग पर काबू पाने में विफल साबित होती है। उन्हें मेरठ दमकल विभाग का सहारा लेना पड़ता है। चार साल पहले बड़ौत स्थित ट्रांसफार्मर वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। तीन जनपदों की दमकल विभाग की गाड़ियों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया था। बुधवार को बाघू रोड स्थित विद्युत उप केंद्र पर रखे 10 केवीए के ट्रांसफार्मर में लगी आग को दमकल विभाग की एक गाड़ी नहीं बुझा सकी।