दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव का मनदीप राणा सेना में लेफ्टिनेंट बना है। शनिवार को चेन्नई में प्रशिक्षण के बाद लेफ्टिनेंट पद की शपथ ग्रहण की। गांव में परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
निरपुड़ा गांव निवासी राष्ट्रपति के वीरता पदक से सम्मानित इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा के बेटे मनदीप राणा का 2018 में एसएसबी के माध्यम से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन हुआ । शनिवार को चेन्नई में शपथ ग्रहण कराई । उन्हें लेफ्टिनेंट पद पर इंजीनियरिंग कोर आवंटित हुई। मनदीप राणा ने प्रशिक्षण के दौरान शूटिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस के अलावा बास्केटबाल, वालीबाल तथा एथलेटिक में अपना स्थान बनाया है। मनदीप ने डीएवी इंटर कॉलेज सहारनपुर से 12वीं तक की पढ़ाई की। हाईस्कूल तथा इंटर में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद मनदीप ने पुणे में सिंबोसिस यूनिवर्सिटी में मैकेनिकल ब्रांच से बीटेक का कोर्स पूरा कर यूनिवर्सिटी में दूसरा स्थान पाया । मनदीप का सिलेक्शन कैंपस से ही जापान की कंपनी में हो गया। एक साल तक मुंबई में नौकरी करने के बाद वह एमएस करने विदेश चले गए। मनदीप का मन पहले से ही भारतीय सेना ज्वाइन करने का था। पढ़ाई करने के बाद विदेश से ही एसएसबी का इंटरव्यू देने के लिए भोपाल गए और वहीं से चयन भारतीय सेना में हो गया।
पिता को मिल चुका है वीरता पदक
दोघट। मनदीप राणा के पिता प्रेमवीर राणा वर्तमान में पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। 2017 में प्रेमवीर राणा को बहादुरी के लिए राष्ट्रपति का वीरता पदक मिल चुका है। उनको राज्यपाल का सराहनीय पदक तथा उत्कृष्ट पदक भी मिल चुका है। उनके ताऊ प्रताप सिंह सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।