बड़ौत (बागपत)। मलकपुर व किनौनी चीनी मिल द्वारा नियमित रूप से अगेती प्रजाति का इंडेट न भेजने से किसान परेशान है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदेालन शुरू कर दिया जाएगा। मंगलवार को काफी संख्या में रंछाड़, सिरसली, बिनौली, जौहड़ी, बड़ौत, मलकपुर, जौनमाना गांव के किसान तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान नेता रविंद्र हट्टी का कहना था कि मलकपुर व किनौनी चीनी मिल द्वारा किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है। पहले सामान्य प्रजाति की पर्चियां नहीं आ रही थी और अब मिलों ने अगेती प्रजाति की पर्चियां भेजना भी कम कर दिया है। इससे खेतों में खड़ा गन्ना सूखने की कगार पर है। उन्होंने एसडीएम अरविंद कुमार व बाद में जिला गन्ना अधिकारी से मांग को जल्द से जल्द पूरा कराए जाने की मांग उठाई। इस अवसर पर सत्यपाल, जगवीरा, ऋषिपाल ठेकेदार, तेजपाल, रघुनाथ, ओमवीर, सत्यवीर, सुधीर, हरेंद्र, ओमपाल शामिल रहे।