बड़ौत (बागपत)।
अमर उजाला मेें प्रमुखता से प्रकाशित खबर विद्युत बिल ठीक कराने के नाम पर उपभोक्ता से ऐंठे 20 हजार रुपये की खबर से ऊर्जा निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया। खबर का संज्ञान लेकर प्रकरण की जांच में आरोप सिद्ध मिलने पर एसई के निर्देश पर उक्त प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर को एक्सईएन प्रथम कार्यालय से हटा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बावली गांव के उपभोक्ताओं ने एक्सईएन प्रथम कार्यालय में कार्यरत एक प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर पर विद्युत बिल ठीक कराने के नाम पर 20 हजार ऐंठने व बाद मेें 20 हजार की मांग पूरी न करने पर एक लाख रुपये का बिल भेजने के विरोध में हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने कहा एक्सईएन प्रथम कार्यालय में तैनात एक प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर अन्य कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर बावली गांव के पीड़ित उपभोक्ता अश्वनी से विद्युत बिल ठीक कराने के नाम पर 20 हजार रुपये उस समय ऐंठ लिएं, जब वह कार्यालय पर विभाग द्वारा भेजे 80 हजार रुपये के त्रुटिपूर्ण विद्युत बिल को ठीक कराने आया। इस दौरान पीड़ित उपभोक्ता अश्वनी ने फोन पर एसडीओ गोपाल को बातचीत के दौरान बताया कि पहले ऑपरेटर ने उससे 20 हजार रुपये लिए, बाद में फिर से 20 हजार रुपये की मांग की। मना करने पर एक लाख रुपये का बिल भेजने की धमकी दी। हंगामा बढ़ता देखकर प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर ने उपभोक्ता को 20 हजार रुपये लौटा दिया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत एसई रामबीर सिंह से की तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया और उक्त प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर को हटा दिया। इस संबंध में एसडीओ गोपाल ने कहा उक्त प्राइवेट ऑपरेटर को हटा दिया।