बड़ौत (बागपत)।
एसडीएम के निर्देश पर सोमवार को नगरपालिका के अफसरों ने नगर में भ्रमण किया और साथ ही कहा जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, वे उसे स्वयं हटा ले अन्यथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी
नगर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर के कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों, सीनियर सिटीजनों ने पुलिस-प्रशासन से कई बार जाम से निजात दिलाने की मांग उठाई, लेकिन पुलिस प्रशासन के आगे वह दबकर रह गई। आये दिन विद्युत शिकायत केंद्र कोताना रोड, फूंस वाली मस्जिद, खत्री गढ़ी चौराहा, दिल्ली-सहारनपुर रोड, बिनौली रोड, अजितनाथ मंदिर के सामने रेलवे रोड, पर जाम की स्थिति बनी रहती है। अमर उजाला ने इस समस्या को शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया तो नगरपालिका के अफसर सक्रिय हुए।
दूसरी तरफ अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर एसडीएम आशीष कुमार ने नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सोमवार को एसडीएम आशीष कुमार के निर्देश पर नगरपालिका के सुनील भारद्वाज सहित अन्य कर्मचारियों ने नगर में गली-गली व मुख्य बाजारों सहित मैन रोड पर कहा जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, वे उससे स्वयं हटा ले, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी। एसडीएम आशीष कुमार ने बताया कि नगर में लगने वाली जाम की समस्या अब भीषण हो चुकी है। इसलिए अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।