बागपत। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी की घोषणा के बाद अब रालोद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पूर्व मंत्री नवाब कोकब हमीद को राष्ट्रीय महासचिव के पद से नवाजा है। उन्होंने कहा कि वेस्ट यूपी में हिंदू और मुस्लिम एकता के लिए वह कार्य करेंगे। इसके लिए जगह-जगह भाईचारा सम्मेलनों का आयोजन कराया जाएगा। रठौड़ा में सोमवार को भाईचारा सम्मेलन होगा, जबकि 31 मार्च को औसिक्का गांव में हिंदू और मुस्लिम एकता सम्मेलन की तैयारी शुरू करा दी हैं।
रालोद का राष्ट्रीय महासचिव बनाने के बाद रविवार को नवाब कोकब हमीद के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार हमेशा से सामाजिक एकता के पक्षधर रहे हैं। रालोद सभी समाज को जोड़कर एक साथ चलने की राजनीति करता है। हिंदू और मुस्लिम एकता के लिए वेस्ट यूपी में उन्होंने विशेष अभियान चलाने की योजना तैयार की है। इसके लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हिंदू और मुस्लिमों को एक साथ खड़ा करेंगे। मुजफ्फरनगर दंगा लोगों के बीच भाईचारा खत्म करने की साजिश था। आम आदमी अब इस बात को पूरी तरह समझ चुका है। सभी गिले शिकवों को दूर कर अब दोबारा से एक ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां सभी जात-बिरादरी के लोग एक साथ रहकर सुरक्षित महसूस कर सकें। शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ में भी कार्यक्रम कराए जाने की तैयारी है।
झूठ के पुलिंदे बांधती है भाजपा
बागपत। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव नवाब कोकब हमीद ने कहा कि भाजपा के हर वायदे झूठे हैं। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को पिछले दिनों 10 लेन बनवाने का एलान कर डाला, जबकि हकीकत में यह संभव नहीं है। ट्यौढ़ी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का श्रेय भाजपा लूटना चाहती है, लेकिन इसकी शुरूआत उन्होंने खुद की थी। किसानों को भुगतान क्यों नहीं दिलाया। अब भाजपा का किसान प्रेम कहां चला गया।