बागपत। धार्मिक स्थलों पर 15 जनवरी तक लाउड स्पीकरों की अनुमति का आदेश जारी होते ही लोग अफसर के दफ्तरों तक पहुंचने शुरू हो गए है। कोई जानकारी ले रहा है तो कोई अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र दे रहा है। मंगलवार को औसिक्का गांव के लोगों ने मंदिर के लिए अनुमति मांगी है।
धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति के लाउड स्पीकर नहीं बजेंगे। इसके लिए हाईकोर्ट सख्त है। हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन भी गंभीर है। प्रशासन ने कहा 15 जनवरी तक धार्मिक स्थलों के लिए संचालक अनुमति ले लें। इसके बाद कार्रवाई शुरू हो जाएगी। आदेशों जारी होते ही मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर के समितियों के पदाधिकारियों ने अफसरों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। दिनभर इसके लिए जानकारी ली जा रही है। अनुमति की प्रक्रिया बारे में पूछताछ कर रहे हैं। कुछ ने तो डीएम दफ्तर पहुंचकर अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र भी दे दिया है। औसिक्का गांव निवासी बिजेंद्र सिंह, कुलबीर सिंह, पुलकित और कुलबीर सिंह ने डीएम से लाउड स्पीकर बजाने की अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा मंदिर में भजन, कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम होते रहते हैं। इसके लिए उन्हें लाउड स्पीकर की अनुमति दी जाए। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने बड़ौत एसडीएम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।