बड़ौत (बागपत)।
नगर में सोमवार को डेंगू का लारवा मिलने से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में खलबली मच गई। सूचना पर सीएचसी अधीक्षक व ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक मौके पर पहुंचे और लारवा को सीएचसी ले जाए। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक ने मरीजों को साफ-सफाई रखने और नियमित जांच कराने की सलाह दी।
सीएचसी अधीक्षक डा. मुकेश उपाध्याय व ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक सचिन मलिक को सूचना मिली कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित एक विवाह मंडप व ट्रांसफार्मर वर्कशाप के बाहर पड़े खराब टायरों में डेंगू का लारवा मौजूद है, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच में डेंगू का लारवा पाया गया। जिसे एक खाली बोतल मेें भरकर सीएचसी लाया गया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि बारिश व एक जगह अत्यधिक गंदा पानी भरने से डेंगू का प्रकोप फैल जाता है। उन्होंने मरीजों से अपील की कि वे अपने आसपास गंदगी व पानी एकत्रित न होने दें। साथ ही बुखार होने पर तुरंत डाक्टरी परीक्षण कराएं। उन्होंने लोगों को नियमित जांच कराने की अपील की। बताया कि नगर व क्षेत्र मेें तीन डेंगू के मरीज पाए गए हैं, उनका इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल सभी ठीक है।