बिनौली (बागपत)। तेड़ा के आर्य विद्यालय इंटर कॉलेज में गठित इलेक्ट्रो लिटरेसी क्लब में शामिल छात्र-छात्राओं ने चौपाल लगाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कैंपस एंबेसडर प्रधानाचार्य डीपी सिंह ने गांव के लोगों को संदेश दिया कि हमें चुनाव के दिन पहले मतदान करना चाहिए, बाद में अन्य कार्य करने चाहिए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि लोकसभा चुनाव में आपके गांव में कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे और गांव में शत प्रतिशत मतदान करके मिसाल कायम करें। क्लब की सदस्यों प्राची और वर्षा ने मतदान के विषय में विचार रखे और लोगों को जागरूक किया। नोडल अधिकारी रण सिंह ने मतदान के विषय में गांव वालों के समक्ष शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की, इसका सभी गांववालों ने समर्थन किया। इसमें अशोक प्रधान, डॉ. सुरेंद्र, प्रबंधक प्रदीप, अतर सिंह ,पीतम सिंह, जय भगवान , प्रथम शर्मा, मुकुल, वंदना, वर्षा, उर्वशी, गोमती, बोहती आदि रहे।