बड़ौत (बागपत)। नगर की काफी समय से अस्थाई अतिक्रमण व जाम की समस्या अभी भी दूर नहीं हो पाई है और जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली बस स्टैंड, कोताना रोड, खत्री गढ़ी, अजितनाथ मंदिर, बावली रोड व अन्य स्थानों पर आए दिन लगने वाले जाम से लोग परेशान हो उठे हैं। अनेक सामाजिक संगठनों व वरिष्ठ नागरिकों ने जाम व अस्थाई अतिक्रमण की समस्या को दूर कराने के लिए अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कुछ समाधान नहीं हो पाया। नगर की अधिकतर सड़कें अतिक्रमण का शिकार हैं। इस संबंध में एसडीएम आशीष कुमार से बात की गई तो उन्होंने भी माना कि यह समस्या विकट है। वे इस संबंध में अधिकारियों से बातचीत करेंगे और इस समस्या से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा।