बड़ौत (बागपत)। हाईटेंशन लाइन हटवाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को आजाद नगर कॉलोनी केे निवासियों ने कॉलोनी में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को वार्ड सभासद हरेंद्र तोमर और ब्राह्मण एकता कल्याण समिति के युवा नगर अध्यक्ष मन्नू तिवारी के नेतृत्व मेें काफी संख्या में कॉलोनी के लोग एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कॉलोनी के ऊपर से हाईटेंशन लाइन जा रही है, इस कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। कई बार तो मकान में करंट तक उतर जाता है, पिछली साल तो करंट लगने से कॉलोनी में दो बच्चों की मौत हो गई, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो कॉलोनी के लोग उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। दूसरी तरफ विद्युत निगम के एक्सईएन द्वितीय वीरेंद्र सिंह ने कहा कि मौके पर निगम की टीम भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी। प्रदर्शन में प्रमोद गुप्ता, विष्णु कश्यप, भरत तोमर, ईश्वर, रवि कश्यप, बाबू सैनी, उर्मिला रानी, बबीता, सोना, सरिता, कमला आदि रहीं।