बड़ौत (बागपत)।
बड़का गांव में शनिवार को ब्लाक अफसरों ने खुली बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया तो कई शिकायतों की जांच कर हल कराने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान गांव मेें लाखों रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव भी आमराय से पास हुआ।
बीडीओ प्रेमचंद के निर्देश पर शनिवार को ग्राम सचिव सतीश कुमार गांव में पहुंचे और पूरे गांव मेें मुनादी कराई। मुनादी कराने के दो घंटे बाद खुली बैठक चली। इसमें ग्रामीणों ने गांव मेें सफाई व्यवस्था न होने की शिकायत की तो सचिव ने सफाई कर्मचारियों को बुलाकर पूरे गांव में सफाई अभियान चलवाया और सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से गांव मेें सफाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव मेें कुछ महिलाओं ने पेंशन न बनने की शिकायत की तो एडीओ समाज कल्याण यशपाल से बातचीत कर तत्काल प्रभाव से उक्त महिलाओं की पेंशन चालू कराई। ग्रामीणों ने जलनिकासी की समस्या भी रखी तो नाले की सफाई कराकर जलनिकासी की व्यवस्था कराई। इसके अलावा ग्रामीणों ने राशन कार्ड न बनने, अतिक्रमण हटाने की शिकायत की तो उनका मौके पर जाकर जांच कर हल कराने का आश्वासन दिया।
इस बैठक में गांव मेें स्थित स्कूल में इंटर लॉकिंग कार्य, चारदीवारी, शौचालय, श्मशान घाट में छतरी, कब्रिस्तान मेें बैंच लगाने, पंचायत घर में इंटर लॉकिंग, विद्यालय मेें फर्नीचर लगाने, बच्चों के पेयजल की व्यवस्था के लिए आरओ लगाने आदि सहित विकास कार्यों को लेकर लाखों रुपये का प्रस्ताव आम राय से पास किया । इसकी अध्यक्षता प्रधान मुन्नी ने की। संचालन सचिव सतीश कुमार ने किया। इसमेें एडीओ तेजपाल सिंह, प्रधान प्रतिनिधि इरफान, जावेद, मेहरबान, शौकीन, उमरदीन आदि शामिल रहे।