बागपत। सीएचसी मेें एक महिला ने दवा वितरण कक्ष में बैठे कर्मचारियों पर गलत दवा दिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पर्चा बदलकर अन्य किसी मरीज को लिखी गई दवा उसे दे दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। प्राइवेट अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
सिसाना निवासी कौशिल्या पत्नी स्वर्गीय महेश ने मंगलवार को सीएचसी में जमकर हंगामा किया। दवा वितरण कक्ष में बैठे कर्मचारियों पर गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए बताया कि एक सप्ताह पूर्व वह सीएचसी में पेट के रोग की दवा लेने के लिए पहुंची थी। चेकअप करने के बाद डॉक्टर ने पर्ची पर दवा लिखी। उसे लेकर वह दवा वितरण कक्ष में पहुंची तो वहां बैठे कर्मचारियों ने उसकी पर्ची की बजाय दूसरे मरीज की दवा दे दी, जिसे खाने से उसकी हालत बिगड़ गई और उसे प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती होना पड़ गया।
इसके बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उसे दवा बदलकर देने की बात कहने लगे। लेकिन महिला ने उसे लेने से इंकार करते हुए ने कहा कि उसका प्राइवेट नर्सिंग होम में उपचार कराने में जो खर्च हुआ है, उसका भुगतान कर्मचारियों से दिलाया जाए। सीएचएस डॉ. भुजवीर सिंह ने कहा कि यह मामला संज्ञान में नहीं है। अगर गलत दवा दी गई तो इसकी जांच पड़ताल कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।