बागपत। धर्म इंस्टीट्यूट ऑफ एजूकेशन एंड टेक्नालॉजी की प्रबंध समिति के अध्यक्ष और सचिव ने समाज कल्याण विभाग के अफसरों पर रिश्वत मांगने और एफआईआर करने की धमकी देने की शिकायत की। समाज कल्याण निदेशक ने डीएम को जांच कराकर कार्रवाई का निर्देश दिए।
धर्म इंस्टीट्यूट की प्रबंध समिति के अध्यक्ष और सचिव ने समाज कल्याण मंत्री को शिकायत कर यह आरोप लगाए हैं। अवगत कराया छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए छात्रों ने आवेदन किया । संस्था के अनुसार डाटा को त्रुटि रहित करके चार फरवरी को समय पर समाज कल्याण विभाग में भेज दिया । विभाग ने उक्त डाटा को अग्रेतर कार्रवाई हेतु फारवर्ड नहीं किया। उन्होंने कहा फारवर्ड करने के लिए तीन से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी । विभाग के बाबू पर गाली गलौच करने और अमर्यादित व्यवहार करने सहित महाविद्यालय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। समाज कल्याण मंत्री ने शिकायत का संज्ञान लेकर निदेशक को जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आदेश के बाद डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने डीडीओ हुब लाल और परियोजना निदेशक एमएल पटेल को जांच कर कार्रवाई रिपोर्ट कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए।