टीमों को देखकर दुकानें बंद कर भागे दुकानदार, तीन लाइसेंस निलंबित
कृषि विभाग ने उर्वरक के चार और बीज के नौ नमूने जांच को भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कृषि विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने बुधवार को जिले भर में उर्वरक और बीज की 31 दुकानों पर छापा मारा। टीमों ने दुकानों में छापा मारकर 13 नमूने जांच को भेजे हैं। दुकानों का शटर डालकर भागने पर तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए और एक दुकानदार को स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध न कराने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को विभाग व प्रशासन की टीम ने जिले भर में उर्वरक व बीज की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान 31 दुकानों पर छापा मारकर उर्वरक के चार और बीज के नौ नमूने लेकर जांच को भेजे । इस दौरान छपरौली के तीन दुकानदार दुकानों के शटर बंद कर भाग गए, तो तीनों दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए। इसके अलावा एक दुकानदार के स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध न कराने पर उसके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया। बुधवार को हुई छापामारी की कार्रवाई डीएम को प्रेषित की।