बागपत। बोर्ड परीक्षार्थियों को जूते और मौजा उतरकर परीक्षा देने को अब मजबूर नहीं होना पड़ेगा। आगामी जो भी परीक्षा होगी सीधे कक्ष में जाकर परीक्षा में छात्र शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने आदेश जारी किया। छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं को जूते, मौजा उतरवाकर कक्षों में पेपर देने के लिए भेजा। इससे छात्र-छात्राओं को परेशानी हुई। उन्हें ठंड में परीक्षा देनी पड़ी। विधायक वीर विक्रम सिंह उर्फ प्रिंस ने 14 फरवरी को नियम 51 के अंतर्गत सूचना दी, इसमें छात्रों की स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया परीक्षा के दौरान छात्र छात्राओं को जूते और मौजा नहीं उतरवाएं जाएंगे। बल्कि परीक्षार्थियों के जूते और मौजों की भलीभांति जांच अवश्य की जाएगी। किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं पहुंचनी चाहिए। परीक्षा की पवित्रता पर कोई प्रश्न चिन्ह नहीं लगना चाहिए। इसके लिए सभी केंद्र व्यवस्थाओं को आदेशों से अवगत कराया जाए। डीआईओएस बृजेंद्र कुमार ने कहा कि आदेश का पालन किया जाएगा। सभी केंद्र व्यवस्थाओं को आदेश दे दिया। सघन जांच पड़ताल कराई जाएगी।