अमीनगर सराय (बागपत)। बालैनी के श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज में बुधवार को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आएंगे। सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने कार्यक्रम की तैयारियां की। जनसभा स्थल पर ब्रीफिंग हुई। डीएम एवं एसपी ने अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए।
बालैनी में बुधवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मेरठ-सोनीपत नेशनल हाईवे 334बी का शिलान्यास करेंगे। डीएम पवन कुमार और एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि ड्यूटी पूरी ईमानदारी और संयम के साथ करें। कार्यक्रम स्थल में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध वस्तु ना आने पाए। सभी वाहनों की चेकिंग नियमित रूप से करते रहे। पुलिस अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी पॉइंट को पहले ही अच्छी तरह से समझ लें। ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए है। पुलिस कर्मियों को उनकी ड्यूटी समझा दी गई। हैलीपेड से मंच तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सघन चेकिंग के बाद ही आम लोगों को कार्यक्रम स्थल पर आने दिए जाएगा। इसमें सीडीओ पीसी जायसवाल, एडीएम बाबूलाल, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसडीम विवेक कुमार यादव आदि रहे।
43 किमी की सड़क और कूड़ा निस्तारण प्रोजेक्ट का शिलान्यास
बागपत। केेंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बालैनी में दो प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। बागपत से हरियाणा बॉर्डर तक करीब 43.780 किमी के दो लेन मार्ग, जिसकी लागत 371 करोड़ का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा बागपत में 77.36 करोड़ की लागत से कूड़ा निस्तारण प्रोजेक्ट का शिलान्यास होगा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने बताया कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत यह प्रोजेक्ट लगाया जाएगा।