बड़ौत (बागपत)। जौनमाना गांव मेें बाहरी हिस्से से गुजर रहा नाला रविवार की तड़के अचानक टूट गया, जिस कारण नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। लोगों ने नाले को बंद करने का भी प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इससे आक्रोशित लोगों ने विभागीय अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया और समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा चार दिन की भारी बरसात के कारण पहले से ही लोग जल भराव की समस्या से जूझ रहे थे, वहीं गांव के बाहरी हिस्से से गुजर रहे नाले के टूटने से स्थिति और भयंकर बन गई। नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिस कारण गांव में महामारी व संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई। कई बार नाले की सफाई व खुदाई की मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों ने नाले को बंद करने का भी प्रयास किया, विफल रहे। इससे आक्रोशित लोगों ने ब्लाक अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इनमें सुधीर, राकेश, सोहनवीर, पंकज, दीपक, अमित, धर्मपाल, राजेंद्र, सुनील आदि रहे।