बागपत। दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के प्रयोग के प्रति जागरूक करने के लिए पेट्रोल पंप चालकों ने नो हेलमेट-नो पेट्रोल की मुहिम शुरू की, लेकिन आए दिन होने वाले झगड़े के चलते पेट्रोल पंप चालकों को हार माननी पड़ी। बगैर हेलमेट ट्रिपल राइडिंग करते लोग पेट्रोल पंपों से तेल डलवाते देखे जा सकते हैं।
हेलमेट से दुपहिया वाहन चालक की सुरक्षा होती है। पुलिस और प्रशासन समय-समय पर इसके लिए जागरूकता अभियान चलाते हैं। पिछले दिनों पेट्रोप पंप संचालकों ने भी तय किया था कि जिनके पास हेलमेट नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। शुरूआत में सख्ती की गई, लेकिन पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के साथ झगड़े होने लगे। यही वजह रही कि अभियान लंबा नहीं चल सका। शहर में पेट्रोल पंप संचालक रोहताश गुप्ता का कहना है कि नो हेलमेट नो पेट्रोल अभियान लागू करने से पहले पेट्रोल पंपों पर पुलिस की सुरक्षा भी जरूरी है। सेल्समैन के साथ झगड़े होते हैं। अभियान से हमारी मंशा लोगों को जागरूक करने की थी। गौरीपुर मोड़ पर पेट्रोल पंप संचालक अमित जैन का कहना है कि बगैर हेलमेट उन्होंने पेट्रोल देना बंद कर दिया। इससे कारोबार पूरी तरह चरमरा गया। इसके अलावा ग्राहक सेल्समैन के लिए झगड़ते थे। खुद लोगों को जागरूक होना पड़ेगा।
गलियों में पेट्रोल की बिक्री हो बंद
बागपत। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि देहात में गांव दर गांव गलियों में पेट्रोल बिकता है। इस पर रोक लगनी चाहिए, क्योंकि जब वह बगैर हेलमेट पेट्रोल नहीं देेंगे तो बाइक सवार गांव से खरीद लेते हैं। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि लोगों की जागरूकता जरूरी है।
जीवन के लिए जरूरी है हेलमेट: एसपी
एसपी जयप्रकाश का कहना है कि हेलमेट दुपहिया वाहन सवार के जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। लोग खुद भी जागरूक बनें ओर सहयोग करें। पेट्रोल पंप के संचालकों के साथ मीटिंग कर सुरक्षा का प्लान तैयार किया जाएगा।