तौल केंद्र बंद होने से किसान परेशान
बागपत। सरूरपुर कलां गांव स्थित ए और बी तौल केंद्र बंद होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि एक तो कम पर्ची भेजी जा रही है। ऊपर से आए दिन तौल बंद कर दी जाती है। इससे बार-बार परेशानी हो रही है।
सोमवार को किसानों को सूचना दिए बिना दोनों तौल केंद्रों को बंद कर दिया गया। किसान बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर पहुंचे तो वहां भीड़ हो गई। तौल केंद्र बंद होने के विरोध में किसानों ने काफी देर तक हंगामा किया। उन्होंने कहा कि अक्सर किसानों को सूचना दिए बिना ही तौल केंद्र बंद कर दिए जाते हैं। इससे किसान परेशानी उठाते हैं। किसान सुभाष नैन ने बताया कि गांव में पहले ही कम पर्ची भेजी जा रही है, ऊपर से तौल को कभी भी बंद कर दिया जाता है। ऐसे में किसान क्या करें। किसानों ने चेतावनी दी जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और समय से पर्ची जारी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राजवीर सिंह, रामपाल, राममेहर, इंद्रपाल सिंह, हरबीर, विनोद बबलू, सुधीर, सोनू, अमरदीप मौजूद रहे।