सामान्य प्रजाति के गन्ने की खरीद नहीं होने पर नाराजगी
दोघट (बागपत)।
आदमपुर गांव में गन्ना किसानों की बैठक में सामान्य गन्ना प्रजाति के गन्ने की पर्चियां न मिलने से नाराज किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी ।
क्षेत्र से गन्ना खरीद कर रही भैसाना, किनौली, दौराला, मंसूरपुर, मलकपुर, खतौली गन्ना मिल चले एक माह से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक सभी गन्ना क्रय केंद्रों पर अगैती प्रजाति का ही गन्ना खरीदा जा रहा है। किसानों के खेतों में सामान्य प्रजाति का गन्ना अधिक मात्रा में है। किसानों का आरोप है कि उनकी अधिकांश जमीन पर गन्ना की फसल खड़ी है। इसके कटने के बाद ही गेहूं की फसल की बुआई की जा सकेगी, लेकिन गन्ना मिलों की मनमानी के चलते उनका सामान्य प्रजाति का गन्ना अभी तक नहीं खरीदा जा रहा है। किसानों का गन्ना उनके खेतों में खड़ा है। किसानों ने कहा यदि शीघ्र ही सामान्य प्रजाति गन्ने का पर्ची इंडेंट नहीं भेजा तो किसानों गन्ना मिलों के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देगा। इसकी अध्यक्षता रामकिशन ने की। संचालन हरेंद्र पंवार ने किया। इसमें नरेश कुमार, हरबीर, मनोज, सुरेंद्र, महिपाल, रामपाल, सतेंद्र, सूरज मल, पप्पू, सतीश आदि रहे।