अमीनगर सराय (बागपत)। नवरात्रि पर भी कस्बे में अवैध पशु कटान बंद नहीं हो रहा है। गलियों में पशुओं के अवशेष डाल दिए जाते हैं। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापारियों में रोष है। मामले की शिकायत एसपी से की।
अमीनगर सराय कस्बे में व्यापारी श्याम सुंदर गर्ग के आवास पर रविवार को बैठक हुई। व्यापारियों ने कस्बे में हो रहे अवैध पशु कटान को लेकर विरोध प्रकट किया। उन्होंने कहा कस्बे में बगैर लाइसेंस के रात को पशु कटान किया जा रहा है। रोड पर पशुओं के अवशेष डाल दिए जाते हैं। सुबह को गली व नाली में पशुओं के अवशेष पड़े दिखाई देते हैं। नवरात्रि में भी कटान बंद नहीं हो रहा है। मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारी विनोद अग्रवाल ने कहा फैंटम पर सवार पुलिसकर्मी रात्रि में घूमने वाले व्यापारियों को रोककर अभद्रता करते हैं। कई बार थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। बैठक में निर्णय लिया इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से होगी। कस्बा में अवैध रूप से पशु कटान नहीं होने दिया जाएगा। इसमें व्यापारी श्याम सुंदर गर्ग, विनोद ठाकरे, अनिल शर्मा, आलोक गर्ग, संजय गर्ग, सौरभ कंसल, अरूण, दीपक, मनोज मित्तल, देवेंद्र आदि रहे।