बड़ौत (बागपत)।
राशन कार्ड बनवाने के लिए क्षेत्र के लोग आए दिन तहसील में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरी तरफ पूर्ति कार्यालय के स्टाफ ने राशन कार्ड बनवाने के लिए भरवाए गए फार्म कूड़े में फेंक दिए हैं। इसकी जानकारी मिलते ही लोगों ने एसडीएम से शिकायत की। एसडीएम ने मामले के जांच के आदेश दिए हैं।
पिछलें दिनों जिन लोगों के राशन कार्ड बनवाने के फॉर्म भरवाए गए थे। उनके अभी तक राशन कार्ड नहीं बने हैं। राशन कार्ड बनवाने की मांग को लेकर आए दिन क्षेत्र के लोग तहसील में धरने-प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरी तरफ पूर्ति अधिकारी इनके प्रति संवेदनशील हैं। इस बात से पता लग सकता है कि उन्होंने राशन कार्ड बनवाने के लिए भरवाए गए फॉर्म को कार्यालय की खिड़की से बाहर कूड़े में फेंक दिया। यह नजारा देखकर लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया और पूर्ति अधिकारियों को उन्होंने जमकर कोसा। हालांकि शनिवार को पूर्ति कार्यालय में कोई अधिकारी मौजूद नहीं था और ताला लगा था। इस मामले की शिकायत एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी से की तो उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया और कूड़े में पड़े फॉर्मों को भी देखा। इस पर उन्होंने जांच के आदेश दिए है। उन्होंने कहा जो भी जांच में दोषी पाया जाएगा, उसकी रिपोर्ट वे डीएम को भेज कठोर कार्रवाई को लिखेंगे।