खेकड़ा में शनिवार की शाम खेकड़ा के जंगल में विद्युत लाइन की चिंगारी से छह किसानों की 10 लाख रुपये कीमत की 45 बीघा गन्ना फसल जल गई। पीड़ित किसानों ने डीएम से क्षतिपूर्ति मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
मोहल्ला अहिरान निवासी किसान देवेंद्र, बलवान, बंशी, धर्मवीर, कृष्णपाल, सोनू आदि ने काठा रोड पर अपने खेतों में गन्ना फसल बो रखी है। शाम को समय खेतों के ऊपर से जा रही विद्युत लाइन से निकली चिंगारी से गन्ने की फसल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलने पर पहुंचे फायर कर्मियों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक किसानों की 10 लाख रुपये कीमत की 45 बीघा गन्ना फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसानों ने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर जली फसल की क्षतिपूर्ति दिलवाने की मांग की है।