बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन महाविद्यालय में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड के अंतर विश्वविद्यालय समागम कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके तनेजा रहे। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य होता है, इसलिए आज उन्हें ऐसे ज्ञान की आवश्यकता है, जो समाज व देश की उन्नति में सहयोग कर सके। उन्होंने छात्रों द्वारा बनाए गए तंबू, गजट का भी अवलोकन किया और उनकी सराहना की। अंतिम दिन विभिन्न विश्वविद्यालय की टीमों ने तंबू निर्माण का कार्य किया। इसके अलावा गजट बनाना, रस्सियों द्वारा मचान टावर, विभिन्न तरह के गेट और लाठी और बांस की सहायता से विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों का निर्माण किया।
डॉ. किरण गर्ग एवं मयंक शर्मा ने मंच संचालन किया। देर शाम कैंप फायर का आयोजन किया, इसमें विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह ने छात्रों को स्काउट और गाइड की महत्व बताया। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड छात्रों में उत्तम चरित्र का निर्माण करता है, उत्तम चरित्र ही व्यक्ति को सफलता के नए सोपान तक पहुंचा सकता है। निर्णायक मंडल में डॉ. महेश कुमार मुछाल, डॉ. सुभाष, डॉ. धर्मेंद्र एवं डॉ. तरुण रहे। इसमें डॉ. कीर्ति शर्मा, डॉ. सुनीता, डॉ. दीपक जैन, डॉ. विनोद कश्यप, नीरज, सचिन, विपिन आदि का सहयोग रहा।