बड़ौत (बागपत)।
बकाया गन्ना भुगतान न होने और गन्ना सत्र 2018-2019 में गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी न होने से क्षुब्ध किसानों ने बुधवार को लुहारी गांव मेें पंचायत कर आक्रोश जताया। इसमें किसानों को एकजुट करने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। साथ ही मिल और प्रशासनिक अफसरों को जल्द भुगतान न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
इस पंचायत की अध्यक्षता पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुधीर दांगी ने की। संचालन बिटटू ने किया। इसमें कोताना, जौनमाना, ढिकाना व बोहला गांव के किसान एकत्र हुए। इसमें पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुधीर दांगी ने कहा कि पिछले कई साल से क्षेत्र की चीनी मिले किसानों का करोड़ों रुपये दबाएं बैठी हैं। इससे किसानों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। बकाया गन्ना भुगतान न होने के कारण न तो किसान बेटियों की शादी ही कर पा रहा है और न ही परिवार का खर्चा चला पा रहा है। स्कूल मेें फीस जमा न होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऊपर से गन्ना पेराई सत्र 2018-2019 में गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी न कर सरकार ने किसानों की कमर तोड़ने का काम किया है। पंचायत में मिल और प्रशासनिक अफसरों को दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भुगतान नहीं हुआ तो लोग आंदोलन शुरू करेंगे। इसमें इंद्रपाल, रविंद्र, विकास, किरण पाल, सुरेंद्र, नीरज, संजय कुमार आर्य, ओमकार आदि रहे।