बड़ौत (बागपत)।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के 11 सितंबर को जनता वैदिक कॉलेज में होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर शनिवार को डीएम व एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसमेें केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडगरी के अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हो सकते है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे 709 के भूमि पूजन का कार्यक्रम 11 सितंबर को जनता वैदिक कॉलेज के मैदान पर होगा। शनिवार को डीएम ऋषिरेंद्र कुमार व एसपी शैलेष कुमार पांडे, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित एसडीएम बड़ौत आशीष कुमार ने विभागीय अफसरों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अफसरों से मंच, हेलीपैड व आम जनता आने समेत सुरक्षा के सभी बंदोबस्त के बारे में चर्चा की। अधिकारियों ने यहां पर डेरा डालना शुरू कर दिया है, नगर के तमाम होटल, मैरिज होम व स्कूल-कॉलेजों को बुक करा दिया गया है।
वाटर प्रफू बनाया जा रहा पांडाल
बड़ौत। कार्यक्रम को लेकर 130 फुट लंबा व 90 फुट चौड़ा वाटर प्रूफ पांडाल बनाया जा रहा है, टेंट से काफी दूरी पर दो हेलीपैड बनाएं जा रहे हैं और मैदान को साफ-सुथरा बनाने के लिए मजदूर जुटे हैं। कार्यक्रम में आम जनता के आने के लिए बावली रोड स्थित गेट से लोग आएंगे और उनके वाहनों का दूसरे स्थानों पर कार्यक्रम स्थल से दूर रोका जाएगा। वीईपी लोगों के लिए जनता वैदिक कॉलेज के अंदर वाहन लाया जाएगा।
बरसात न बन जाए कार्यक्रम में बाधा
बड़ौत। चल रही बरसात के कारण कार्यक्रम स्थल जनता वैदिक कॉलेज में कीचड़ की स्थिति बनी हुई है, मैदान पर जाने वाले रास्तों पर अत्यधिक कीचड़ होने के कारण कार्यक्रम वाले दिन या पहले तेज बरसात होती है तो यह कार्यक्रम में बाधा डाल सकती है, हालांकि इसके लिए अधिकारी चिंतित है, इसके लिए अधिकारी तैयारियों मेें जुटे हैं, लेकिन बरसात होने पर कीचड़ होना स्वाभिक होगा।