बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य पर दिगंबर जैन समाज समिति द्वारा गेट तोड़ने के आरोपों के मामले में कोतवाली में मामला दर्ज कराने से आक्रोशित प्रोफेसरों व छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस को प्रोफेसरों ने खरी-खोटी सुनाई और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्राचार्य के खिलाफ मुकदमे को वापस नहीं लिया तो वे उग्र आंदोलन शुरू कर देंगे।
बृहस्पतिवार को काफी संख्या में प्रोफेसर व छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर में एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि दिगंबर जैन समिति के पदाधिकारियों ने प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह पर गेट तोड़ने का झूठा आरोप लगाया और उनके खिलाफ बड़ौत कोतवाली मेें मामला भी दर्ज कराया। जबकि दो दिन पूर्व एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने दिगंबर जैन समाज समिति द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों को गलत बताया। एसडीएम के आदेश को भी समाज के लोग नहीं मान रहे हैं। उन्होंने प्राचार्य पर हुए मुकदमे को वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ हुआ मुकदमा जल्द वापस नहीं हुआ और समाज के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र-छात्राएं व कॉलेज के प्रोफेसर उग्र आंदोलन शुरू करेेंगे। इनमें डॉ. महेश कुमार मुछाल, डॉ. विनोद कश्यप, डॉ. शशिकांत, डॉ. आंसु उज्ज्वल, डॉ. दीपक जैन, डॉ. अनिल जैन, डॉ. रजनी कश्यप, सर्वेश, संजय जैन, गौरव कुमार, सचिन, धीर सिंह, संजीव, डॉ. सुभाष, डॉ. किरण गर्ग आदि रहे।