दोघट (बागपत)। दाहा गांव में जल भराव की समस्या को लेकर दो मोहल्लों में चल रहा धरना ग्राम प्रधान के पति के आश्वासन पर समाप्त हो गया है। ग्राम प्रधान ने दोनों मोहल्लों में पंपिंग सेट लगाकर जल निकासी शुरू करा दी।
गांव के गवाड़ वाले मोहल्ले और पट्टी भौंरा में जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीण तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। ग्रामीणों की मांग थी कि जलनिकासी का स्थायी समाधान किया जाएगा। तालाब की खुदाई करा कर अवैध कब्जों को हटवाया जाए। इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया। तीन दिन में ही खबर का असर हुआ। मंगलवार को ग्राम प्रधान के पति सुशील राणा धरने पर बैठे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और आश्वासन दिया कि जलनिकासी के लिए पंपिंग सेट लगा दिए गए हैं। तालाब की खुदाई का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जल्द ही तालाब की खुदाई भी करा दी जाएगी। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने दोनों धरने समाप्त कर दिए। चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से धरना शुरू कर देंगे। ग्राम प्रधान के पति सुशील राणा ने बताया कि दोनों मोहल्लों में पंपिंग मशीन लगा कर पानी निकासी शुरू करा दी है। इस मौके पर देवेंद्र राणा, धर्मपाल राणा, प्रवीन राणा, राजेश राणा, उदल, बिजेंद्र आदि रहे।