बागपत। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य में तेजी आनी शुरू हो गई है। एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे वाहन भी पत्थर लगाकर रोक दिए गए। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति बनीं रही।
सुप्रीम कोर्ट ने एक्सप्रेस-वे को एक जून तक हर हाल में आम जन के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। एनएचएआई ने निर्माण में तेजी लानी शुरू कर दी है। सोमवार को खेकड़ा में बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज पर तेज गति से काम चलता दिखा। इसके अलावा यमुना पुल का अधिकतर कार्य पूरा हो चुका है। मिनी टोल प्लाजा और टोल प्लाजा पर भी तेज गति से कार्य चल रहा है। एनएचएआई की टीम ने एक्सप्रेस-वे के बीच में पत्थर लगाकर वाहनों का आवागमन रोक दिया है। आवागमन रोके जाने से वाहन चालकों को वापस लौटना पड़ा। अधिकतर वाहन चालक पत्थर हटाए जाने का इंतजार करते दिखे। उधर, जल्द ही एनएचएआई और सड़क मंत्रालय की टीम एक्सप्रेस-वे का दौरा करेगी। गौरतलब है कि 26 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके लिए तैयारियां चल रही है।